महराजगंज। निचलौल-ढेसो मार्ग पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में बोलेरो सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चमनगंज पुल के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 9:15 बजे हुआ, जब बोलेरो ढेसो की ओर से चमनगंज पुल की तरफ आ रही थी। पुल से करीब 500 मीटर आगे जंगल वाले रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी निचलौल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान सोनू विश्वकर्मा (30 वर्ष), गोलू शर्मा (32 वर्ष) और राहुल सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों निचलौल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार या वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।