महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर खाद तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नौतनवा पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 70 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। रात में गश्त के दौरान एसएसबी 66वीं वाहिनी से सूचना मिलने पर नौतनवा पुलिस की टीम पैसिया बाबू पावर हाउस के पास पहुंची, जहां एक पिकअप वाहन की तलाशी ली गई।
जिला कृषि अधिकारी की मौजूदगी में वाहन की जाँच करने पर उसमें 70 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद हुई। मौके से चालक मंटू उपाध्याय, निवासी मोहनपुर, उरुवा बाजार (जनपद गोरखपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान को नौतनवा पुलिस और एसएसबी 66वीं वाहिनी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि भारत नेपाल सीमा पर खाद सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की अवैध तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अबरार अहमद (Ibrar Ahmad) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रभारी (District Incharge) के रूप में कार्यरत हैं। यह जिले के समाचार कवरेज, रिपोर्टिंग टीम के मार्गदर्शन और प्रमुख क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का कार्य करते हैं।