सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी धनगढ़वा के जवानों ने विशेष गश्त के दौरान एक व्यक्ति को एक बोरी यूरिया, एक बोरी डीएपी खाद और साइकिल के साथ गिरफ्तार कर तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया।
एसएसबी के अनुसार, सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 547 के पास विशेष गश्त लगाई गई थी। इसी दौरान एक व्यक्ति साइकिल पर खाद की बोरियां लादकर भारत की ओर से सीमा की तरफ जाता दिखाई दिया। ड्यूटी पार्टी को देखते ही वह साइकिल और सामान छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने स्वयं को थाना मोहाना क्षेत्र का निवासी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बोरी यूरिया खाद एवं एक बोरी डीएपी खाद बरामद हुई।
एसएसबी ने जब्त खाद, साइकिल एवं आरोपी को आवश्यक कार्रवाई हेतु कस्टम विभाग, ककरहवा के सुपुर्द कर दिया है। सीमा पर खाद समेत अन्य वस्तुओं की अवैध तस्करी रोकने के लिए एसएसबी का अभियान लगातार जारी है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।