महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 70 वर्षीय बुजुर्ग सच्चाराम गुप्ता का खून से लथपथ शव उनके घर के समीप पड़ा मिला। आशंका जताई जा रही है कि नकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
इस मामले को जमीनी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक की छोटी बहू सुनीता गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनके अनुसार बड़ी बहू कथित तौर पर ससुर पर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी। इनकार करने पर उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था और धमकी भी दी गई थी।
शुक्रवार सुबह सच्चाराम गुप्ता का शव घर के समीप पड़ा मिला। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर फरेंदा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतक की बड़ी बहू, जो पेशे से शिक्षामित्र बताई जा रही हैं, को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं तहरीर में नामजद अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
फरेंदा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।