कोल्हुई। थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर सोने की शुद्धता जांच से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद सराफा कारोबारियों के बीच विवाद खड़ा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दो दर्जन से अधिक स्वर्ण व्यापारी कोल्हुई थाने पहुंच गए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब एक पक्ष ने आरोप लगाया कि कस्बे के एक व्यापारी द्वारा बेचे जा रहे सोने की शुद्धता मानक के अनुरूप नहीं है, जिससे अन्य कारोबारियों के व्यापार पर असर पड़ रहा है। इससे नाराज एक स्वर्ण व्यापारी ने शुद्धता की जांच करने वाले के खिलाफ अमर्यादित पोस्ट सोशल मीडिया पर कर दिया था।
स्थिति को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच थाना परिसर में घंटों बातचीत और पंचायत हुई। लंबी चर्चा के बाद आपसी सहमति से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाल लिया गया। समझौते के दौरान यह तय हुआ कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था सोने की शुद्धता की जांच कर उसकी जानकारी सार्वजनिक करती है, तो उसके साथ उसे संबंधित आभूषण की शुद्धता का बिल भी प्रस्तुत करना होगा। किसी भी व्यापारी की छवि बिना पर्याप्त आधार के बिना प्रभावित न हो और उपभोक्ताओं के सामने पूरी जानकारी उपलब्ध रहे।
थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि सोने की शुद्धता को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। दोनों की बात सुनने के बाद आपसी सहमति से मामले का शांतिपूर्ण निस्तारण करा दिया गया।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।