परतावल। परतावल कस्बे में गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दौरान एक बार फिर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मुख्य सड़क पर अतिक्रमण, सड़क किनारे सजी दुकानों और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण घंटों लंबा जाम लगा रहा। हालात ऐसे हो गए कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया।
जानकारी के अनुसार, जाम में फंसे राहगीरों, स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन काफी देर तक रेंगते रहे। हालात उस समय और गंभीर हो गए जब मरीजों को लेकर जा रही 108 और 102 एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। एंबुलेंस के सायरन बजते रहे लेकिन सड़क पर दोनों ओर अतिक्रमण और वाहनों की लंबी कतार के कारण उन्हें आगे निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इससे मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर गुरुवार साप्ताहिक बाजार के दौरान यही स्थिति बन जाती है। सड़क के दोनों किनारों पर दुकानें लगने और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से मुख्य मार्ग संकरा हो जाता है, जिसके चलते कुछ ही देर में लंबा जाम लग जाता है।
स्थानीय निवासी अम्बुज, नीरज, दीपक, संतोष और पंकज ने प्रशासन से मांग की है कि साप्ताहिक बाजार के लिए स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।