महराजगंज। बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा ने विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में जनपद के सभी थानों के चाइल्ड वेलफेयर पुलिस अधिकारियों (CWPO) एवं महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। सभी अधिकारियों को बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी तथा बच्चों के विरुद्ध यौन अपराधों की सूचना मिलने पर तत्काल एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
बैठक में बच्चों के अधिकारों की रक्षा, संवेदनशील मामलों में त्वरित हस्तक्षेप तथा संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर बाल सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि बाल सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कर बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।