Maharajganj News : अब नहीं जाना पड़ेगा 70 किमी दूर! सोहगीबरवा को मिला अपना CHC

    31-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। स्वास्थ्य सुविधाओं के आभाव में दशकों से जूझ रहे सीमावर्ती सोहगीबरवा क्षेत्र के लोगों का लंबा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। महराजगंज जिला बनने के 37 वर्ष बाद सोहगीबरवा को अपना पहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिलने जा रहा है। करीब 5.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अस्पताल भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है और अगस्त के अंत तक इसके संचालन की उम्मीद जताई जा रही है।

सोहगीबरवा केवल एक गांव नहीं बल्कि सोहगीबरवा, शिकारपुर और भोतहा गांव समेत नेपाल व बिहार सीमा से जुड़े दर्जनों गांवों का प्रमुख केंद्र है। इन गांवों के हजारों ग्रामीण वर्षों से इलाज के लिए पड़ोसी देश नेपाल और बिहार के बगहा पर निर्भर रहे हैं। सबसे ज़्यादा परेशानी बाढ़ के मौसम में होती है, जब आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

शिकारपुर से बिहार सीमा तक बहने वाले रोहुआ नाले में बाढ़ आने पर ग्रामीणों को नाव के सहारे आवाजाही करनी पड़ती थी। गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में घंटों की देरी हो जाती थी, जिससे कई बार उनकी जान पर बन आती थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि सीएचसी शुरू होने से इस समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा।


भवन तैयार उद्घाटन का इंतज़ार
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सोहगीबरवा में करीब 5.86 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा कर लिया गया है। भवन तैयार होने के साथ ही अस्पताल के संचालन की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं।

अस्पताल के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करा दिए गए हैं और एक महिला चिकित्सक की भी तैनाती हो चुकी है। अब केवल औपचारिक उद्घाटन और नियमित संचालन शुरू होने का इंतजार है। यहाँ सीएचसी शुरू होने के बाद लोगों को अपने ही क्षेत्र में इलाज की सुविधा मिल सकेगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।