Maharajganj News : चीख सुन दौड़े SSB जवान, नाले में फंसे युवक को मौत के मुंह से निकाला

    31-Jul-2026   
Total Views |

महराजगंज। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। एसएसबी जवानों ने नाले में गिरे युवक का तत्काल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जुलाई 2026 को बरगदवा बाजार निवासी विपिन तिवारी (25) पुत्र श्रीनिवास तिवारी अपनी मोटरसाइकिल से बरगदवा से ग्राम झींगटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीमा चौकी झींगटी के नाका प्वाइंट महावनाला पुलिया के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह नाले में जा गिरे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।


घटना की सूचना मिलते ही सीमा चौकी झींगटी प्रभारी उप निरीक्षक (सामान्य) हरिलाल, मुख्य आरक्षी (सामान्य) उपेंद्र कुमार पाण्डेय तथा आरक्षी (सामान्य) राम प्रीत पाण्डेय सरकारी वाहन से तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे। साथ ही स्थानीय पुलिस थाना बरगदवा को भी घटना की सूचना दी गई। एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों के सहयोग से घायल युवक को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला तथा प्राथमिक उपचार प्रदान किया।

इसके उपरांत स्थानीय पुलिस के सहयोग से घायल को उपचार हेतु अर्नव हॉस्पिटल, बरगदवा में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है। दुर्घटना में युवक के हाथ एवं पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने एसएसबी जवानों की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि समय पर किए गए रेस्क्यू से युवक की जान बच सकी।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।