Maharajganj News : परतावल CHC में हड्डी के मरीज बेहाल, अस्पताल में नहीं ऑर्थोपेडिक डॉक्टर
04-Jul-2026
Total Views |
परतावल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल में ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ के अभाव से मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रतिदिन ओपीडी में आने वाले सैकड़ों मरीजों में बड़ी संख्या हड्डी, जोड़ों और पीठ दर्द से पीड़ित होती है, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सक न होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया जाता है।
जानकारी के अनुसार, परतावल सीएचसी में अधीक्षक सहित कुल 10 डॉक्टर की तैनाती हैं। इनमें एक स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, बाल रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, एक निश्चेतक चिकित्सक,व एक फिजिशियन हैं। इसके अलावा दो फार्मासिस्ट, तीन लैब टेक्नीशियन, चार स्वीपर, 5 सरकारी स्टॉफ नर्स और 8 संविदा स्टॉफ नर्स तैनात हैं।
सीएचसी में ओपीडी के साथ 24 घंटे डिलीवरी सुविधा भी उपलब्ध है। मरीजों को सभी सामान्य जांचों की सुविधा भी यहां दी जाती है, लेकिन ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ की कमी मरीजों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। बदलते मौसम के साथ ही घुटना, हाथ तथा पीठ दर्द की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है।
दुर्गादेवी ने बताया कि इस मौसम में घुटनों में दर्द बढ़ जाता है। चार दिन पहले सीएचसी गई थी। डॉक्टरों ने दवा दी, लेकिन कोई खास आराम नहीं मिला। सुजीत ने बताया कि उनके दाहिने हाथ में लगातार दर्द रहता है। सीएचसी में दिखाया दवा मिली, लेकिन लाभ न होने पर प्राइवेट अस्पताल का सहारा लेना पड़ा। नीलेश ने भी अपनी पीड़ा बताई। उनके हाथ में अकड़न की शिकायत है। उन्होंने बताया कि सीएचसी में डॉक्टर ने दवा तो दी, लेकिन साथ ही यह भी सलाह दी कि अगर आराम नहीं मिलता है तो मेडिकल कॉलेज में हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए सीएचसी परतावल में जल्द से जल्द ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ की तैनाती की जानी चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सके।