Maharajganj News : शाम की एक गलती पड़ी भारी, नदी से निकला मगरमच्छ और कर दिया हमला

    06-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत मधवलिया रेंज की ग्रामसभा बकुलडीहा में शनिवार शाम मगरमच्छ के हमले से हड़कंप मच गया। हमले में युवक घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल निचलौल सीएचसी ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे घर भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी थाना क्षेत्र के बकुलडीहा निवासी 25 वर्षीय उपेंद्र चौहान पुत्र रामनयन चौहान शनिवार शाम शौच के बाद बहुलडीहा स्कूल टोला के पास चंदन नदी में हाथ धोने गया था। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने उसके पैर पर हमला कर दिया।


युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों की आवाज सुनते ही मगरमच्छ नदी में वापस चला गया। मगरमच्छ के हमले में उपेंद्र का पैर जख्मी हो गया है। घायल उपेंद्र चौहान के साथ अस्पताल आए ग्रामीणों का कहना है कि मगरमच्छ पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है और कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है।

चंदन नदी में मगरमच्छों की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।

वन क्षेत्राधिकारी निचलौल अजीत कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को नदी किनारे अनावश्यक जाने और पानी में उतरने से मना किया गया है। वन विभाग की ओर से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है तथा सतर्कता बरतने की अपील की गई है।