Maharajganj News : मानसून से पहले प्रशासन तैयार, 29 बाढ़ चौकियां और 39 राहत शिविर एक्टिव
06-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में मानसून की शुरुआत के साथ ही संभावित बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। नेपाल के पहाड़ी इलाकों से आने वाले पानी के कारण जिले में हर साल बाढ़ का खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली हैं।
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि जिले में रोहिन, गंडक, चंदन नदी और महाव नाले के ओवरफ्लो होने या तटबंध टूटने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। इसको ध्यान में रखते हुए 168 किलोमीटर लंबे सभी तटबंधों की सुरक्षा और मरम्मत के कार्यों को पूरा कर लिया गया है। सिंचाई विभाग को तटबंधों में किसी भी रिसाव या कटान की स्थिति को पहले ही सुलझाने के निर्देश दिए गए हैं।
संभावित बाढ़ से निपटने के लिए 29 बाढ़ चौकियां और 39 बाढ़ राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, 207 से अधिक गोताखोरों और नाविकों की पहचान कर ली गई है, जो आपात स्थिति में बचाव कार्यों में सहायता करेंगे।
राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है, ताकि बाढ़ की स्थिति बनने पर प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, बाढ़ खंड, एसडीएम, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के साथ बैठक कर उनकी जिम्मेदारियों को लेकर दिशा निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और एसएसबी को भी अलर्ट पर रखा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। जिलाधिकारी ने दोहराया कि संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन संभावित बाढ़ को लेकर पूरी तरह सतर्क है और जन-धन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली गई हैं।