Gorakhpur News : अलनीनो की पकड़ हुई ढीली, अब बरसेंगे बादल! 8 जुलाई से मौसम बदलेगा मिजाज

    06-Jul-2026
Total Views |

गोरखपुर। अलनीनो के प्रभाव से सुस्त पड़ा मानसून अब रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अभी दो दिन तक गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी, हालांकि इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 8 जुलाई से पूर्वी उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश की संभावना है।

मौसम विज्ञान विभाग के सहायक वैज्ञानिक टीबी सिंह ने बताया कि अलनीनो के प्रभाव से अच्छी बारिश नहीं हो पा रही थी। अब हिंद महासागर में अलनीनो के खिलाफ सिस्टम बन रहा है। अगर यह प्रभावी हो गया तो अलनीनो का प्रभाव कम हो जाएगा और मानसून फिर सक्रीय हो जायेगा।

उन्होंने अनुमान जताया कि छह और सात जुलाई को बादलों की आवाजाही रहेगी। कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। आठ जुलाई से अच्छी बारिश की संभावना है।


मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश को लेकर आठ से 10 जुलाई तक के लिए येलो और 11 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अच्छी बारिश के कारण तापमान में भी कुछ दिनों के लिए गिरावट आएगी।

रविवार को दोपहर से बादल छाने शुरू हुए। कई जगह हल्की बारिश भी हुई। इस वजह से गर्मी से थोड़ी राहत मिली। तापमान अधिकतम 36.3 और न्यूनतम 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 89 और न्यूनतम 61 प्रतिशत रहा। बारिश 0.7 एमएम दर्ज की गई।

जुलाई में औसत तापमान अधिकतम 32.9 और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्यियस रहता है। जुलाई में तापमान अधिकतम 36.8 डिग्री तक पहुंचता है। इसी तरह तापमान न्यूनतम 23.5 डिग्री तक रहता है। फिलहाल अधिकतम और न्यूनतम तापमान जुलाई के औसत से बहुत अधिक है।

इस बार जून में मानसून सामान्य से काफी कमजोर रहा। गोरखपुर में जून महीने में औसतन 202.5 मिमी वर्षा होती है, जबकि इस वर्ष केवल 104.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। यानी जून में सामान्य से 48 प्रतिशत कम बारिश हुई।