Maharajganj Sports News : परतावल की बेटी अलीजा का सम्मान, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाएंगी दम
06-Jul-2026
Total Views |
आफताब आलम
परतावल। गोवा में आयोजित राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग प्रतियोगिता में में स्वर्ण पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित परतावल की बेटी अलीजा परवीन अंसारी का नगर पंचायत कार्यालय में भव्य सम्मान किया गया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह, वर्तमान सभासद एवं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने अलीजा को मेडल, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने 'भारत माता की जय' के गगनभेदी नारों के साथ प्रतिभाशाली बेटी का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर काशीनाथ सिंह ने कहा कि अलीजा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर न केवल परतावल और महराजगंज, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अलीजा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश के लिए स्वर्णिम उपलब्धि हासिल करेगी।
सतीश मद्धेशिया ने कहा कि नगर पंचायत की यह बेटी अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज का दायित्व है, जिससे अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने अलीजा और उसके परिवार को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का गौरव बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।