Maharajganj News : एक मौत के बाद जागा प्रशासन, अब सड़कों से हटेंगे खच्चर!

    06-Jul-2026
Total Views |

रजाउल अंसारी

महराजगंज। सिसवा क्षेत्र में छुट्टा खच्चरों का आतंक बहुत बढ़ गया है। शनिवार की देर शाम सिसवा के हेवती मार्ग पर स्थित खेखड़ा नाला के पास खच्चर से टकरा जाने से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से सिसवा नगरपालिका में आवारा पशुओं की वजह से हो रही दुर्घटनाओं के विरोध में रविवार को अमरपुरवा मुहल्ले में लोगों ने प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में किया गया था।

प्रदर्शन की वजह शनिवार देर शाम हुआ वह दर्दनाक हादसा बना, जिसमें सबया निवासी 38 वर्षीय सच्चिदानंद चौरसिया की खेखड़ा नाला के पास छुट्टा खच्चर से टकराने के बाद मौके पर ही मौत हो गई थी। नगरवासियों का कहना है कि नगर में इससे पहले भी आवारा पशुओं के कारण कई हादसे हो चुके हैं।

सच्चिदानंद की मौत के बाद रविवार को नगर के लोग एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में एकजुट हुए और विरोध प्रदर्शन किया। राजन विश्वकर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों ने आवारा खच्चरों और अन्य पशुओं के खिलाफ अभियान नहीं चलाया, तो वे दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें जेल भिजवाएंगे।


लगभग एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। थाना प्रभारी ने जिम्मेदारों को सूचित कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

प्रदर्शन के बाद नगर पालिका प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सोमवार को नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों द्वारा नगर के विभिन्न इलाकों में छुट्टा खच्चरों को पकड़ने का अभियान शुरू किया गया और काफी खच्चर पकडे गए हैं। स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इसे नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।