Maharajganj News : शाम होते ही सूनी हो जाती है यह सड़क, वजह डराने वाली है ! जानकर रह जाएंगे हैरान
08-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत बहुआर मार्ग पर ढेसो और शीतलापुर गांव के बीच तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पिछले 10 दिनों में तेंदुए के तीन हमलों के बाद शाम ढलते ही लोग इस मार्ग से गुजरने से बच रहे हैं। इस बीच तेंदुए को जंगल की ओर भेजने के लिए वनकर्मियों द्वारा रात में पटाखा फोड़ा गया। इससे ग्रामीणों ने कुछ राहत महसूस किया है, लेकिन अभी भी लोगों के जेहन में तेंदुए के प्रति डर बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ढेसो चौराहे के पास दस दिन पहले एक महिला बकरियों को चरा रही थी। इस बीच जंगल की तरफ से आए तेंदुए ने उसके एक बकरे पर हमला कर जख्मी कर दिया। इसकी जानकारी पर ग्रामीणों ने शोर मचाया तब तेंदुए बकरे को छोड़ कर भाग निकला।
इसके तीन दिन बाद ग्राम बजही निवासी पिता पुत्र पर तेंदुआ ने उस समय हमला कर घायल कर दिया, जब वे शाम के समय बाइक से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निचलौल सीएचसी में भर्ती कराया गया।
इसके बाद रविवार की शाम ढेसो चौराहे से दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक पर भी तेंदुए ने हमला कर उसे घायल कर दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं से ढेसो, शीतलापुर, बजहा उर्फ अहिरौली, बजही, बढ़या मुस्तकिल समेत करीब एक दर्जन गांवों के लोग भयभीत हैं। इन गांवों में गन्ने की फसल की बहुतायत है, इसके चलते तेंदुआ गन्ने के खेतों में छिपा रह रहा है, इसके चलते किसान धान की रोपाई और खेत में खाद डालने जाने से कतरा रहे हैं।
रेंजर निचलौल सुनील राव ने बताया कि तेंदुए को लेकर संवेदनशीलता बरती जा रही है। स्टाफ के लोग नियमित गश्त कर रहे हैं। तेंदुए को जंगल की तरफ भेजने के लिए पटाखा छोड़ा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे देर शाम और रात के समय अकेले निकलने से बचें तथा आवश्यक होने पर समूह में ही आवागमन करें।