Maharajganj News : अब शिक्षकों को नहीं करनी होगी पैसों की चिंता! कैशलेस इलाज की सुविधा शुरू

    08-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज। शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। जिले में बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह ने योजना की शुरुआत करते हुए चयनित शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए।

उपाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों के स्वास्थ्य को लेकर यह योजना बहुत कारगर साबित होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों के आर्थिक सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे बच्चों का भविष्य बनाने में अपना पूरा योगदान दें और पूरे मनोयोग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।


कार्यक्रम के दौरान कुछ अभिभावकों को डीबीटी का चेक वितरित किया गया। साथ ही शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान किए गए। इस योजना के लागू होने से जिले के बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के नियमित शिक्षकों के साथ शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के पात्र कार्मिकों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में वाराणसी में एसबीआई एवं बेसिक शिक्षा विभाग के मध्य हुआ ऐतिहासिक एमओयू हुआ। इसका कलक्ट्रेट सभागार में सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष के अलावा सीडीओ महेन्द्र कुमार सिंह, डीआईओएस प्रदीप कुमार सिंह, बीएसए सुरजीत सिंह, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर भूपेन्द्र मिश्रा्र, मुख्य प्रबंधक एसबीआई दिव्या गौर सहित शिक्षा विभाग, बैंक के अधिकारी व शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।