Maharajganj News : कहीं आपका स्कूल भी तो नहीं ले रहा ज्यादा फीस? सरकार ने शुरू की पड़ताल
08-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। निजी स्कूलों द्वारा ट्यूशन फीस में मनमानी पर अंकुश लगाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जनपद स्तर पर नियामक समिति के बाद अब राज्य स्तर से निजी स्कूलों के ट्यूशन फीस की जानकारी मांगी गई है। सभी स्कूलों को यह जानकारी डीआईओएस ऑफिस में निर्धारित प्रारूप पर देनी है। प्रारूप को जनपद स्तरीय समिति भी प्रमाणित करेगी।
जनपद में निजी व सरकारी मिलाकर कुल 2900 के आसपास स्कूल संचालित हैं। प्रदेश सरकार ने यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से संबद्ध सभी स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों की ट्यूशन फीस का पूरा ब्योरा तलब किया है। इसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों से ली जा रही मासिक ट्यूशन फीस की जानकारी निर्धारित प्रारूप में आठ जुलाई 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक के पत्र के तहत प्रत्येक जिले के निजी माध्यमिक विद्यालयों से कक्षा 9-10 और 11-12 की मासिक ट्यूशन फीस का विवरण मांगा गया है। शासन की ओर से भेजे गए प्रारूप में जनपद का नाम, विद्यालय का नाम, संबद्ध बोर्ड तथा दोनों वर्गों की अलग-अलग ट्यूशन फीस का उल्लेख करना होगा।
शासन सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों द्वारा ली जा रही फीस का औसत भी तैयार करेगा, जिससे प्रदेशभर में निजी स्कूलों की फीस संरचना का आकलन किया जा सके। इसके लिए सभी विद्यालयों को 8 जुलाई 2026 तक डीआईओएस कार्यालय में जनपद स्तरीय समिति से सत्यापित प्रपत्र जमा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय पर शासन को रिपोर्ट भेजी जा सके।