Maharajganj News : सीमा के पास अचानक गरजा बुलडोजर! प्रशासन ने पुलिस और एसएसबी के साथ की कार्रवाई
08-Jul-2026
Total Views |
सोनौली। भारत-नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्र सोनौली में मंगलवार शाम प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसएसबी की 22वीं वाहिनी कैंप के समीप स्थित करीब 40 डिस्मिल सरकारी भूमि को बुलडोजर चलाकर कब्जा मुक्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल, एसएसबी के जवान और नगर पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार नो-मैन्स लैंड क्षेत्र में स्थित एसएसबी कैंप के समीप कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर मकान बनाकर कब्जा कर लिया था। प्रशासन ने पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर जमीन खाली करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद बुलडोजर के जरिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
आदर्श नगर पंचायत सोनौली ईओ सुरभि मिश्रा ने बताया कि एसएसबी कैंप के बगल में लगभग 40 डिस्मिल सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने पुलिस, एसएसबी और नगर पंचायत की संयुक्त मौजूदगी में अतिक्रमण हटाकर जमीन को कब्जा मुक्त कराया।
उन्होंने बताया कि भारत-नेपाल सीमा अति संवेदनशील क्षेत्र है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से खाली कराई गई सरकारी जमीन एसएसबी को सौंपी जाएगी।