Gorakhpur News : 697 करोड़ की परियोजनाएं, 54 करोड़ के नए शिलान्यास... 11 जुलाई को गोरखपुर में होंगे सीएम योगी

    09-Jul-2026
Total Views |

Gorakhpur News :
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र को करीब 697 करोड़ रुपये की चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह भटहट-बांसस्थान फोरलेन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 54 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सात नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों लोकार्पित होने वाली सड़क परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण भटहट-बांसस्थान फोरलेन है। 11.6 किमी लंबे इस मार्ग पर ही प्रदेश का पहला आयुष विश्वविद्यालय भी बना है।

फोरलेन सड़क बन जाने से सबसे अधिक सहूलियत आयुष चिकित्सा का लाभ लेने वालों को मिला है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड खंड तीन ने सड़क के दोनों ओर मानक के अनुरूप जल निकासी (ड्रेनेज) की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। सड़क लोकार्पण की चारों और शिलान्यास की सभी सात परियोजनाएं पिपराइच विधानसभा क्षेत्र की हैं।


सीएम योगी 11 जुलाई को भटहट-बांसस्थान फोरलेन का लोकार्पण करेंगे। सीएम के कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी एवं पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह ले कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। आयुष विश्वविद्यालय के सभागार में मुख्यमंत्री के भटहट एवं बांसस्थान आगमन पर उनके स्वागत तथा विशाल जनसभा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम के स्वागत की रूपरेखा, जनसभा की व्यवस्थाएं की विस्तृत कार्य योजना बनी।

सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा फोरलेन सड़क के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जर्मन हैंगर लगाए जा रहे हैं। वहीं साढ़े 13 सौ वर्ग फुट का मंच बन रहा है। कार्यक्रम स्थल पर दो स्विस कॉटेज बनाये जा रहे हैं। स्विस कॉटेज तक पहुंचने के लिए अस्थायी खड़ंजा सड़क बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री बामन्त माता मंदिर में जाकर दर्शन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए कार्यक्रम स्थल को अलग-अलग जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया गया है। हेलिपैड, वीआईपी रूट, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने विस्तृत योजना तैयार की है। इसके अलावा सुरक्षा के इंतजाम सख्त रहेंगे और लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जाएगा। पुलिस ने सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें तैयार की हैं।

बारिश के कारण सीएम योगी के कार्यक्रम का पंडाल वाटरप्रूफ रहेगा। हजारों की संख्या में लोगों के बैठने के इंतजाम के अनुसार मैदान में वॉटरप्रूफ पंडाल लगाया जाएगा।