Maharajganj News : तीन महीने का राशन गायब! भड़के ग्रामीण बोले- पहले हिसाब दो, फिर मिलेगा जुलाई का अंगूठा
09-Jul-2026
Total Views |
मिठौरा। मिठौरा ब्लाक के ग्राम दरहटा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों ने पंचायत भवन पर एकत्र होकर कोटेदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि पहले तीन माह का बकाया राशन दिया जाए, फिर जुलाई का बांटा जाये। बुधवार को सैकड़ों अंत्योदय और बीपीएल कार्डधारक पंचायत भवन पहुंच गए। कोटेदार आरोप लगाते हुए ग्रामीणों प्रदर्शन कर प्रशासन से जांच की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि अप्रैल, मई और जून माह का खाद्यान्न दिए बिना ही उनसे ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाकर वितरण दर्शा दिया गया। कार्डधारकों का कहना है कि रिकॉर्ड में राशन वितरण दिखा दिया गया लेकिन उनके घरों तक एक दाना भी नहीं पहुंचा। इससे गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक तीन माह का बकाया राशन नहीं मिलेगा, तब तक जुलाई माह के राशन के लिए फिंगर नहीं लगाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि पहले पुराने राशन का हिसाब दिया जाए उसके बाद ही नए माह का वितरण कराया जाए।
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्ति निरीक्षक मौके पर पहुंचे और शिकायतों की जांच शुरू की। उन्होंने ग्रामीणों से जानकारी लेकर पूरे प्रकरण की जांच का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान प्रधान प्रतिनिधि मनीष पासवान, विजय प्रकाश पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।