Maharajganj News : क्या आपके घर का मसाला भी सुरक्षित है? 35 हजार से ज्यादा कीमत का जीरा सीज

    09-Jul-2026
Total Views |

ठूठीबारी। जिले में मसालों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न दुकानों पर छापेमारी कर मसालों के नमूने एकत्र किए। कार्रवाई के दौरान पैकेजिंग नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 178 किलोग्राम साबुत जीरा सीज कर दिया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 35,600 रुपये बताई गई है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने महराजगंज स्थित एक जनरल स्टोर का निरीक्षण कर सुभाष ब्रांड हल्दी पाउडर का नमूना लिया। इसके बाद निचलौल के एक ट्रेडर्स से कैच ब्रांड धनिया पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं ठूठीबारी स्थित एक जनरल स्टोर से बावर्ची ब्रांड धनिया पाउडर तथा साबुत जीरा का नमूना लिया गया।


संग्रहित नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं और निर्माता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।

प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मसालों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की जांच का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और पैकेजिंग पर सभी आवश्यक जानकारियां अंकित करने की अपील की।