Maharajganj News : सामूहिक विवाह की तैयारियां पूरी! जानिए कब और कहां बंधेंगे सैकड़ों जोड़े विवाह बंधन में

    09-Jul-2026
Total Views |

महराजगंज।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में 9 और 10 जुलाई को तीन विधानसभा क्षेत्रों में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने प्रत्येक आयोजन स्थल पर नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की तैनाती करते हुए सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं।

गुरुवार को सिसवा विधानसभा क्षेत्र के पात्र जोड़ों का सामूहिक विवाह बापू शताब्दी इंटर कालेज जहदा निचलौल में आयोजित होगा। यहां सिसवा, निचलौल ब्लाक व निकायों के कुल 190 जोड़ों का विवाह होगा। यहां सिसवा, निचलौल ब्लाक व नगर पालिका व नगर पंचायत के जोड़ों का विवाह होगा।


वहीं 10 जुलाई को सदर और पनियरा विधानसभा क्षेत्र के जोड़ों का विवाह नवीन मंडी स्थल धनेवा धनेई निचलौल रोड महराजगंज में होगा। यहां सदर, मिठौरा, घुघली, पनियरा, परतावल ब्लाक के साथ नगर पंचायत पनियरा, नगर पंचायत परतावल, नगर पंचायत चौक, नगर पंचायत घुघली व नगर पालिका परिषद महराजगंज के जोड़ों का विवाह होगा।

10 जुलाई को ही फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के जोड़ों का विवाह खेलो इंडिया स्टेडियम, गणेशपुर, फरेंदा में कराया जाएगा। यहां धानी, बृजमनगंज, फरेंदा, आनंदनगर ब्लाक व नगर पंचायत बृजमनगंज के जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। 10 तारीख को होने वाले विवाह के पात्रों की सूची तैयारी की जा रही है।

इसको सफल बनाने के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारियों, नगर निकाय अधिकारियों और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को नोडल तथा सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इन्हें विवाह समारोह की संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी, लाभार्थी जोड़ों का सत्यापन,अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि पात्र जोड़ों का विवाह गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।