Maharajganj News : लो-वोल्टेज और कटौती से मिलेगी राहत? बागापार में शुरू हुई बड़ी तैयारी
09-Jul-2026
Total Views |
महराजगंज। बागापार क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही लो-वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती की समस्या से राहत मिल सकती है। क्षेत्र में मिनी पावर हाउस के निर्माण की दिशा में बिजली विभाग ने कवायद तेज कर दी है। विभागीय टीम संभावित भूमि का चयन करने में जुट गई है।
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र चौक से बागापार क्षेत्र को बिजली सप्लाई होती है। उपकेंद्र की क्षमता से अधिक बिजली खपत होने से ओवरलोड हो गया है। इससे उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज के साथ अघोषित बिजली कटौती की मार झेल रहे हैं।
इस समस्या से उपभोक्ताओं को निजात दिलाने के लिए जनहित संघर्ष समिति के अध्यक्ष रवींद्र जैन के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने कुछ दिन पूर्व डीएम को मांग पत्र सौपा था। इसमें उन्होंने बागापार में मिनी पॉवर हाउस बनाने की मांग की थी। डीएम ने मामले को गंभीरता से लिया। विभाग को बागापार में मिनी पॉवर हाउस बनाने के लिए निर्देश दिया। अवर अभियंता धीरेंद्र चौरसिया के नेतृत्व में टीम बागापार पहुंची।
बागापार में मिनी पॉवर हाउस बनना है। इसके लिए अवर अभियंता के नेतृत्व में टीम जमीन चिह्नित करने के लिए गांव में पहुंची थी। बहुत जल्द पॉवर हाउस निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। मिनी पॉवर हाउस बनने से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं की बिजली समस्या दूर हो जाएगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि मिनी पावर हाउस बनने से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को बेहतर व निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी और वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।