Maharajganj News : मां को ट्रेन में बैठाने की कीमत पड़ी भारी, बाहर निकला तो देखा हो चुका था ये कांड

    09-Jul-2026
Total Views |

नौतनवा। नौतनवा रेलवे स्टेशन परिसर से बुधवार को एक युवक की बाइक चोरी हो गई। युवक अपनी मां को इंटरसिटी ट्रेन में बैठाने स्टेशन गया था। लौटने पर मुख्य द्वार के बाहर खड़ी उसकी बाइक गायब मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के मुताबिक, परसामलिक थाना क्षेत्र के गांव सेवतरी टोला परसा निवासी संजय यादव अपनी मां को बुधवार दोपहर लगभग ढाई बजे इंटरसिटी ट्रेन में बैठाने नौतनवा रेलवे स्टेशन पर गए थे। वह अपनी बाइक रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर खड़ी कर मां को ट्रेन में बिठाने चले गए। कुछ ही देर बाद वापस लौटने पर बाइक नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस तत्काल जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए जांच में जुटी है।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया बाइक चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।