Maharajganj News : अचानक आम के पेड़ पर चढ़ गई नेपाली महिला... फिर जो हुआ, बुलानी पड़ी क्रेन

    09-Jul-2026
Total Views |

महाराजगंज। नगर पंचायत चौक कार्यालय के बाहर गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नेपाली महिला सड़क किनारे स्थित आम के पेड़ पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी देर तक पेड़ पर बैठी रही और नीचे उतरने से इनकार करती रही, जिससे आत्महत्या की आशंका के चलते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस और नगर पंचायत प्रशासन मौके पर पहुंचा। थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने महिला से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक वह नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई। इसके बाद नगर पंचायत की छोटी क्रेन मंगाई गई और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब आधे घंटे बाद महिला को सकुशल नीचे उतार लिया गया।


घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ के कारण कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने महिला को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला आर्केस्ट्रा में काम करती थी, हालांकि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी। पुलिस ने महिला को थाने ले जाकर पहले भोजन कराया और उसकी हालत सामान्य करने का प्रयास किया। पूछताछ में महिला ने अपना संबंध नेपाल के विराटनगर से बताया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह ठूठीबारी सीमा से भारत में प्रवेश कर भटकते-भटकते चौक पहुंच गई थी। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपने परिजनों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी।

थानाध्यक्ष मनीष पटेल ने बताया कि महिला की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उसकी देखभाल की जा रही है और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित एजेंसियों और नेपाली अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे ठूठीबारी सीमा के निकट महेशपुर में नेपाली पुलिस को सौंपा जाएगा, ताकि उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके। साथ ही महिला के पेड़ पर चढ़ने के कारणों की भी जांच की जा रही है।