Maharajganj News : एक मंडप में गूंजीं 142 शहनाइयां, सामूहिक विवाह में सात फेरे लेकर बने हमसफर

    09-Jul-2026
Total Views |

रजाउल अंसारी

निचलौल। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को निचलौल विकास खंड के ग्राम सभा जहदा स्थित बापू शताब्दी इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पंजीकृत 187 जोड़ों में से 142 जोड़ों का पूरे वैदिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिसवा विधायक प्रेम सागर पटेल ने नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण-पत्र एवं एक-एक पौधा भेंट कर उनके सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है, जिसके माध्यम से सरकार जरूरतमंद परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने में सहयोग प्रदान कर रही है।


समारोह के दौरान विवाह मंडप में उत्सव जैसा माहौल रहा। नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने समारोह को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ गुप्ता, पीडी राम दरस चौधरी, मनोज सिंह, रितेश पांडे, अरुण कुमार सिंह, अजय सिंह, चंद्र प्रकाश गुप्ता, राजेंद्र प्रसाद, शैलेंद्र नाथ, रमेश चौधरी, कलीमुल्लाह अंसारी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।