महराजगंज। फरेंदा वन रेंज की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अवैध लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह एक पिकअप और ई-रिक्शा को कब्जे में लिया। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। वन विभाग ने मौके से एक धारदार हथियार भी बरामद किया है।
वन विभाग के अनुसार, बरामद लकड़ी को आरा मशीन तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान डिप्टी रेंजर अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर वाहन रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वन विभाग की गाड़ी को ओवरटेक कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम की सतर्कता और सूझबूझ के चलते सफल नहीं हो सके।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने फरार साथियों के नाम अंकित यादव, अक्षय, लवकुश और सुशील साहनी बताए हैं। वन विभाग का दावा है कि सभी आरोपी नशे की हालत में थे। कार्रवाई के दौरान एक पंच (धारदार) हथियार भी बरामद किया गया।
बरामद पिकअप का नंबर UP 56 BT 3635 है। वाहन के मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम की धारा 26 एवं 42 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया है।
वन विभाग ने बताया कि इस कार्रवाई में डिप्टी रेंजर अरुण कुमार और वन दरोगा अनिल सिंह की अहम भूमिका रही। विभाग ने इसे अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।