महराजगंज। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की निचलौल रेंज अंतर्गत ग्राम सभा मिश्रौलिया में शनिवार सुबह एक नर तेंदुए का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह गांव की महिलाएं सिवान की ओर जा रही थीं, तभी राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड मार्ग पर तेंदुए का शव पड़ा दिखाई दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात गांव के आसपास लगातार तेंदुओं की दहाड़ें सुनाई दे रही थीं। लोगों का अनुमान है कि दो तेंदुओं के बीच हुए संघर्ष हुआ होगा जिसमें नर तेंदुए की मौत हो गयी। हालांकि, इसकी वन विभाग की ओर से इस बात की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय वनाधिकारी निचलौल सुनील कुमार राव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। वन विभाग ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि तेंदुए की मौत किन परिस्थितियों में हुई। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी निचलौल रेंज में तेंदुओं की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।