महराजगंज। नेपाल के सुनसरी जिले में धार्मिक जुलूस के दौरान उत्पन्न तनाव के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। महराजगंज से सटी करीब 84 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है।
सीमा से भारत में प्रवेश करने वाले लोगों के सामान की डॉग स्क्वाड की सहायता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। इसके साथ ही सीमा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है।
सीमा सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए लिए सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरत रही हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि नेपाल के कुछ सीमावर्ती जिलों में हाल के दिनों में सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं सामने आई हैं। इसी को देखते हुए महराजगंज से लगी सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
त्योहारों के मौसम को देखते हुए पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रख रही है। नेपाल से जुड़े घटनाक्रम को लेकर किसी भी तरह की भ्रामक या सांप्रदायिक अफवाह फैलने से रोकने के लिए पुलिस के 'डिजिटल वॉरियर्स' और स्वयंसेवकों को सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली संदिग्ध सूचनाओं का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को साझा न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि किए बिना उसे आगे बढ़ाने से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।