महराजगंज। सरकारी विभाग में संविदा पर नौकरी दिलाने और बाद में उसे स्थायी कराने का झांसा देकर 6.86 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने बिहार के गोपालगंज निवासी अदालत हुसैन उर्फ सुबेदार, लुकमान अंसारी उर्फ सोनू, कोमल सुदामत पडकर समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरेंदा बुजुर्ग निवासी कुलदीप गुप्ता ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके बड़े पिता संतोष गुप्ता की पहचान गोपालगंज बिहार निवासी अदालत हुसैन उर्फ सुबेदार ,लुकमान अंसारी उर्फ सोनू तथा कोमल सुदामत पडकर से थी। आरोप है कि इन लोगों ने वर्ष 2025 में भोपाल मध्य प्रदेश के एक सरकारी विभाग में संविदा पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। बड़े पिता के कहने पर वह फरवरी 2025 में भोपाल चला गया और कार्यालय में कार्य करने लगा।
7 अप्रैल 2025 को उसके ई-मेल पर मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय के नाम से कथित ज्वाइनिंग लेटर भेजा गया। अगले दिन कन्फर्मेशन लेटर भी प्राप्त हुआ। इतना ही नहीं, 11 जून 2025 को ट्रेजरी विभाग के माध्यम से उसके बैंक खाते में 18,200 रुपये भी आए, जिससे उसे विश्वास हो गया कि उसकी नियुक्ति वास्तविक है।
इसके बाद आरोपियों ने कहा कि यदि सात लाख रुपये दिए जाएं तो संविदा नौकरी को स्थायी करा दिया जाएगा। इस पर पीड़ित ने नकद 1.50 लाख रुपये देने के अलावा अपने बैंक खाते, यूपीआई और अपनी बहनों लक्ष्मी और खुशबू एवं परिवार के सदस्य रितेश कुमार के खातों से अलग-अलग तिथियों में आरोपियों के खातों में रकम भेजी। आरोप है कि इस तरह कुल 6.86 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।
जब कुछ समय बाद सैलरी आना बंद हो गयी और नौकरी भी स्थायी नहीं हुई तो कुलदीप ने संबंधित सरकारी विभाग में ज्वाइनिंग लेटर और कन्फर्मेशन लेटर की जांच कराई। जांच में दोनों दस्तावेज फर्जी निकले। इसके बाद उसने आरोपियों से संपर्क कर पैसे वापस मांगे।
पहले आरोपियों ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया। पीड़ित का आरोप है कि 20 अप्रैल 2026 को सदर तहसील गेट पर आरोपियों से मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर अदालत हुसैन उर्फ सुबेदार, लुकमान अंसारी उर्फ सोनू, कोमल सुदामत पडकर और दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।