सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के एक गांव से 17 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पीड़िता की माँ का आरोप है कि 30 जुलाई 2026 की दोपहर करीब तीन बजे कुशीनगर जनपद के खड्डा थाना क्षेत्र के मदनपुर सुकरौली निवासी एक युवक उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। शिकायत में पीड़िता की मां ने आरोपी का मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। उन्होंने बेटी की सुरक्षित बरामदगी के साथ आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है!
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि प्रकरण के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। किशोरी की शीघ्र एवं सकुशल बरामदगी तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।