निचलौल। निचलौल-चिउटहा मार्ग पर ग्रामसभा खोनहौली स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर संकेतक नहीं लगाए जाने से स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। तेज रफ्तार वाहनों के लगातार गुजरने से हर दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिससे अभिभावकों और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
गांव के जयराम, अमरेश यादव, अंकित, दुर्गेश, राकेश, रमेश , हरिकिशन, पवन गुप्ता, सुरेश कसौधन और सुभाष ने बताया कि इस रास्ते पर सुबह चार बजे से रात दस बजे तक वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। यह सड़क स्कूली बच्चों के लिए आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। विद्यालय आने-जाने वाले छोटे बच्चों को सड़क पार करने में रोजाना जोखिम उठाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान ठेकेदार ने विद्यालय के सामने गतिरोधक संकेतक लगाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इसे नहीं लगाया गया। इसके चलते आए दिन तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। सबसे अधिक चिंता प्राथमिक विद्यालय के नौनिहाल बच्चों की सुरक्षा को लेकर है।
इस संबंध में एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है। संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है और विद्यालय के सामने जल्द ही स्पीड ब्रेकर संकेतक लगाया जाएगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।