Maharajganj News : हाईवे पर रफ्तार का कहर रोकने उतरी पुलिस, 28 वाहन पकड़े गए… इतना लगा जुर्माना

    10-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। यातायात नियमों के उल्लंघन और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को फरेंदा-सोनौली अंतरराष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। आधुनिक स्पीड राडार गन की मदद से वाहनों की गति पर नजर रखी गई। निर्धारित सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 28 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

थाना फरेंदा क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान इंटरसेप्टर वाहन में लगे आधुनिक स्पीड राडार गन की मदद से राजमार्ग से गुजरने वाले वाहनों की गति की निगरानी की गयी। जांच में गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले चालकों को चिह्नित किया गया। पुलिस टीम ने कुल 28 वाहनों का ओवरस्पीड मामले में चालान किया। इन चालानों के माध्यम से वाहन चालकों पर कुल 56 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।


यातायात निरीक्षक अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन सकती है। विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय राजमार्गों पर अधिक गति के कारण वाहन पर नियंत्रण खोने और गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बढ़ जाती है।

यातायात पुलिस ने संकेत दिया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।