Maharajganj News : सावन सोमवार पर भोर से ही शिवालयों में लगी कतार, महराजगंज में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

    10-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। सावन माह के दूसरे सोमवार को जिलेभर के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर होते ही भक्त गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पूजन सामग्री लेकर शिवालयों की ओर निकल पड़े। दिन चढ़ने के साथ मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लंबी होती गई और हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।

महराजगंज नगर के सिंचाई कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। महिला, पुरुष, युवा व बच्चे बारी-बारी से भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, पुष्प व अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।

निचलौल क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से शुरू हुआ जलाभिषेक व पूजन का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिखाई दीं।


सदर क्षेत्र के कटहरा शिव मंदिर में भी यही स्थिति रही, बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दूर-दराज से आए भक्तों ने भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर मन्नतें मांगीं। वहीं सिसवा के बउरहवा बाबा और धानी के कांक्षेश्वर नाथ शिव मंदिर समेत जिले के अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।

सावन के दूसरे सोमवार पर जिलेभर में शिवभक्ति का ऐसा माहौल रहा कि मंदिरों से लेकर आसपास के क्षेत्रों तक बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष गूंजते रहे।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।