निचलौल। निचलौल-ठूठीबारी मार्ग पर सिरौली पेट्रोल पंप के पास रविवार सुबह तीन बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीनों बाइक पर सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए दो महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बड़ेपुरवा टोला डगरू निवासी शिव बसंत विश्वकर्मा अपनी 14 वर्षीय रिश्तेदार अंजू के साथ बाइक से गोरखपुर दवा कराने जा रहे थे। दूसरी बाइक पर उदयभान चौहान (20) और छोटू कुमार भारती (25) नेपाल के पारसी से काम करके कटहरी बाजार स्थित अपने घर लौट रहे थे। वहीं तीसरी बाइक पर राणा प्रताप पटेल (38) व उनकी पत्नी रिंकी पटेल (35) ईटहिया मिनी बाबा धाम का दर्शन करने के बाद पिपराकाजी स्थित अपने घर लौट रही थीं।
इसी दौरान सिरौली पेट्रोल पंप के पास तीनों बाइक की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में तीनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार सभी सात लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी निचलौल पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. शांति विजय मिश्रा ने बताया कि रिंकी पटेल और आराध्या पटेल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद क्षतिग्रस्त बाइकों को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।