Maharajganj News : आज 14.92 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा, 14 अगस्त को फिर मिलेगा मौका

    10-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत जिले में सोमवार को 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, किशोरों और युवाओं को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के तहत करीब 14.92 लाख बच्चों को दवा देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक विकास और पढ़ाई पर प्रतिकूल असर डाल सकता है। इसी को देखते हुए अभियान के तहत निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को प्रोटोकॉल के अनुसार एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी। अगर दवा खिलाने के दौरान किसी बच्चे में प्रतिकूल प्रभाव सामने अत है तो स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


10 अगस्त को अभियान के दौरान जो बच्चे दवा खाने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 14 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए सरकारी व निजी विद्यालयों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों को शामिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग और बाल विकास विभाग की टीमें भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। बच्चों को खिलाई गई दवा की रिपोर्टिंग ई-कवच पोर्टल के माध्यम से की जाएगी, जिससे अभियान की प्रगति की निगरानी की जा सकेगी।

अभियान की निगरानी के लिए जनपद स्तर पर विशेष मॉनिटरिंग टीमें गठित की गई हैं। टीमें आवंटित क्षेत्रों में जाकर अभियान की तैयारियों और वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेंगी। प्रत्येक टीम को कम से कम दो राजकीय विद्यालय, दो निजी विद्यालय या मदरसा और तीन आंगनबाड़ी केंद्रों का भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान दवा की उपलब्धता, बच्चों का आच्छादन, निर्धारित खुराक और ई-कवच पोर्टल पर रिपोर्टिंग की स्थिति की जांच की जाएगी।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।