सोनौली। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने श्यामकाट रोहिणी नदी के पास से 9 बोरी भारतीय यूरिया खाद बरामद की है। बरामद खाद का कुल वजन करीब 405 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना सोनौली की टीम सीमा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान श्यामकाट रोहिणी नदी के पास 9 बोरी यूरिया खाद लावारिस हालत में मिली। प्रत्येक बोरी का वजन करीब 45 किलोग्राम बताया गया है।
बरामद खाद के संबंध में थाना सोनौली में धारा 113 कस्टम अधिनियम के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद माल को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवां भेज दिया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार और कांस्टेबल प्रशान्त राय शामिल रहे। सीमा क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी और चेकिंग अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।