Maharajganj News : 15 अगस्त से पहले सोनौली बॉर्डर पर एक-एक गतिविधि पर नजर! डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण

    10-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोनौली बॉर्डर का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सीमा पर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के साथ ही निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन ICP की भौतिक प्रगति की जानकारी ली। साथ ही सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा सीमा पर सीसीटीवी, डाग स्क्वायड तथा नेपाल से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने को कहा। सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से बताया गया कि सघन जांच के साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाके में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

डीएम और एसपी ने सीमा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल और एसएसबी जवानों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया। उन्होंने भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच करने पर जोर दिया। साथ ही, सीमा क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी बढ़ाने के लिए भी कहा गया।

सीमा सुरक्षा में लगी विभिन्न केंद्रीय एवं स्थानीय एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और 24 घंटे कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।


इसके अतिरिक्त, अधिकारियों ने निर्माणाधीन एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की भौतिक प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली। 

डीएम व एसपी ने बताया कि सीमा की सुरक्षा को लेकर सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ एक बैठक की गई है। सोनौली बॉर्डर से बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है, इसीलिए दोनों देशों की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही एक दूसरे से कोऑर्डिनेशन को बढ़ाने पर चर्चा की गई है। ताकि देश विरोधी तत्त्वों की पहचान कर उन पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

स्वतंत्रता दिवस से पहले डीएम और एसपी का यह संयुक्त निरीक्षण सीमा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक आवश्यक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


मुबारक अली

मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।