महराजगंज। बृजमनगंज-फरेंदा मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामसभा विशुनपुर अदरौना के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। करीब 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस मृतक की पहचान और हादसे के जिम्मेदार वाहन की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 07:00 बजे विशुनपुर अदरौना के ग्राम चौकीदार महगू पुत्र रामअचल ने पुलिस को सूचना दी कि मुख्य मार्ग के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल के साथ उपनिरीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो करीब 40 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव सड़क किनारे चित अवस्था में मिला। मृतक के सिर, हाथ, पैर और कंधे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन मृतक का नाम व पता ज्ञात नहीं हो सका।
थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला हिट एंड रन का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है। इसके बाद शव को शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज मोर्चरी भेज दिया गया।
पुलिस ने आसपास के थानों को भी मृतक के हुलिए की जानकारी भेजी है। साथ ही मृतक की पहचान और हादसे में शामिल अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
मुबारक अली (Mubarak Ali) 'आपन महराजगंज' में तहसील संवाददाता (फरेंदा) के रूप में कार्यरत हैं। यह फरेंदा तहसील क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को प्रमुखता से कवर करते हैं।