Maharajganj News : तीन किलोमीटर में 100 से ज्यादा रास्ते! एनएच-730 पर मौत को दावत दे रही टूटी बैरिकेडिंग

    11-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज।
गोरखपुर से महराजगंज होते हुए फरेंदा तक जाने वाले एनएच-730 पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिला मुख्यालय के करीब तीन किलोमीटर हिस्से में हाईवे और सर्विस रोड की सुरक्षा के लिए लगाई गई लोहे की बैरिकेडिंग में 100 से अधिक कट बना दिए गए हैं। इन कटों के जरिए लोग और पैदल राहगीर सीधे हाईवे की ओर आ-जा रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

हैरानी की बात यह है कि बैरिकेडिंग में लगातार बढ़ते इन कटों पर न तो एनएच प्रशासन की प्रभावी नजर दिख रही है और न ही नगर निकाय की ओर से कोई ठोस कार्रवाई होती नजर आ रही है।

गोरखपुर से महराजगंज होते हुए फरेंदा तक एनएच 730 का निर्माण 2019 में स्वीकृत हुआ और 2020 में निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। इसी हाईवे पर सक्सेना चौक सर्विस रोड निर्मित है जो तीन किमी तक केएमसी मेडिकल कॉलेज तक निर्मित है। हाईवे के दोनों तरफ निर्मित सर्विस लेन पर वाहनों का आवागमन सुचारू रहे और पैदल यात्रियों को किसी तरह की समस्या न हो इसके लिए लोहे की ग्रिल की बैरिकेडिंग लगाई गई है।


जनपद मुख्यालय पर बैरिकेडिंग को जगह-जगह से काटकर या उखाड़कर लोगों ने पैदल निकलने का मार्ग बना लिया है। बैरिकेडिंग के यह कट खतरनाक हैं। कारण कि हाईवे पर चल रहे वाहन अचानक कट से निकलने वाले को देखकर अनियंत्रित हो सकते हैं और गंभीर दुर्घटना हो सकती है। मनमानी के इस रवैये से हाईवे पर लगातार छोटी दुर्घटनाएं लगभग हर रोजाना ही हो रही हैं।

एनएच 730 पर सक्सेना चौक से मुख्यालय मोड़ तक नियमत: सिर्फ छह स्थान ही ऐसे हैं जहां सर्विस रोड से वाहन सीधे हाईवे पर आया जा सकता है। सक्सेना चौक (मुख्य चौराहा) से आगे बढ़ने पर सदर कोतवाली के सामने, स्टेट बैंक, ऑफिसर कालोनी, श्याम मंदिर, उद्योग तिराहा व विकास भवन मोड़ ऐसे स्थान हैं जहां सड़क सुरक्षा नियमों के अनुसार सर्विस रोड व हाईवे एक दूसरे से जुड़ते हैं। लेकिन हाईवे पर लगभग तीन किमी पर प्रत्येक दुकान के सामने कट दिख जाएगा।

इन कटों के कारण स्थानीय व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचना आसान हो गया है। हालांकि, पड़ताल के दौरान किसी दुकानदार या प्रतिष्ठान संचालक ने बैरिकेडिंग काटने की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की। सभी का यही कहना था कि बैरिकेडिंग कब और कैसे काटी गई, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

अब सवाल यह है कि सुरक्षा के लिए लगाई गई बैरिकेडिंग को इस तरह काटने वालों पर कार्रवाई कब होगी और हादसे से पहले इन खतरनाक कटों को बंद कराया जाएगा या नहीं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।