महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला खेल विभाग की ओर से 15 अगस्त को क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता की शुरुआत सुबह 6:30 बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम महराजगंज के मुख्य गेट से होगी। इसमें बालक वर्ग के लिए 5 किलोमीटर और बालिका वर्ग के लिए 3 किलोमीटर की दौड़ कराई जाएगी।
जिला क्रीड़ाधिकारी सरिता रानी ने बताया कि प्रतियोगिता में किसी भी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। दौड़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बालक वर्ग की दौड़ स्टेडियम के मुख्य गेट से शुरू होकर पुलिस लाइन गेट, घुघली रोड होते हुए बलिया पुल तक जाएगी। इसके बाद खिलाड़ी वापस इसी मार्ग से होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम के मुख्य गेट पर पहुंचेंगे। वहीं बालिका वर्ग की दौड़ स्टेडियम के मुख्य गेट से शुरू होकर जिला कारागार के मेन गेट तक जाएगी और वहां से वापस लौटकर स्टेडियम के मुख्य गेट पर समाप्त होगी।
क्रॉस कंट्री रेस में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 15 अगस्त की सुबह निर्धारित समय से पहले स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचना होगा। खेल विभाग ने प्रतियोगिता की निगरानी और आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित खेल प्रशिक्षकों व जिला एथलेटिक्स संघ को दी है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रोत्साहित करना है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।