निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने झुलनीपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कद्दू लदी एक पिकअप पकड़ी। वाहन से 34 बोरी कद्दू बरामद हुए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार को शीतलापुर पुलिस चौकी प्रभारी सूरज तिवारी पुलिस टीम के साथ सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक पिकअप में अवैध तरीके से कद्दू लादकर उसे सीमा पार तस्करी के लिए ले जाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इसकी जानकारी सीमा सुरक्षा में तैनात एसएसबी जवानों को दी।
इसके बाद पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने झुलनीपुर नहर पटरी मार्ग पर अमड़ी पुल के समीप घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रोक लिया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 34 बोरी कद्दू बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय चौधरी निवासी लक्ष्मीपुर, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद कद्दू को सीमा पार ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
संयुक्त टीम ने बरामद पिकअप, कद्दू की बोरियों और गिरफ्तार आरोपी को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के लिए निचलौल कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया है। मामले में कस्टम विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में तस्करी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस और एसएसबी की निगरानी लगातार जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।