महराजगंज। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा एक बार फिर प्रभावित हो गई है। सोमवार को 25 मरीजों की जांच के बाद तकनीकी खराबी आने से बंद हुई मशीन मंगलवार को भी ठीक नहीं हो सकी। इसके चलते अस्पताल में सीटी स्कैन कराने पहुंच रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, मशीन के पिक्चर ट्यूब में खराबी आ गयी है। यह सीटी स्कैन मशीन का एक महत्वपूर्ण उपकरण है, जिसके बिना सीटी स्कैन मशीन का संचालन संभव नहीं है। खराबी की जानकारी मिलते ही संबंधित कंपनी के इंजीनियर को सूचित किया गया था। जांच के दौरान पता चला कि मशीन में नया पिक्चर ट्यूब लगाना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि नया पिक्चर ट्यूब सिंगापुर से मंगाया जा रहा है। विदेश से उपकरण आने में करीब तीन दिन लग सकते हैं। इसके बाद इंजीनियर मशीन में नया ट्यूब लगाने के बाद उसका परीक्षण करेंगे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार अगर उपकरण समय पर पहुंच गया और मशीन का परीक्षण सफल रहा तोयदि सब कुछ सामान्य रहा तो अगले सोमवार से सीटी स्कैन सेवा पुनः सुचारु रूप से शुरू होने की उम्मीद है। यानि पांच दिनों तक सीटी स्कैन की सुविधा मरीजों को नहीं मिल सकेगी।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।