महराजगंज। नगर पालिका परिषद के लोहिया नगर और आंबेडकर नगर वार्ड के लोगों को जल्द ही जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत दोनों वार्डों में तीन सड़कों के निर्माण के लिए शासन से बजट जारी हो चुका है। नगर पालिका की ओर से टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के लोहिया नगर वार्ड में दो सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। द्वारिका के घर से सुभाष निषाद के घर तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए 16.80 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
वहीं सरडिहा पीडब्ल्यूडी रोड से मनोज के घर तक भी सीसी सड़क के साथ नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य के लिए 25.20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सड़क के साथ नाली बनने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम होने और लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
आंबेडकर नगर वार्ड में भी एक जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। यह सड़क परदेशी की दुकान से मेन रोड तक बनाई जाएगी। इसके लिए 18.50 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
नगर पालिका के अनुसार तीनों निर्माण कार्यों के लिए शासन से बजट प्राप्त हो चुका है और टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्माण शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को खराब सड़क, जलभराव और आवागमन से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।