Maharajganj News : सिसवा के लिए बड़ी खबर ! 2 करोड़ से बदलेंगी सड़कें और जल निकासी की तस्वीर

    12-Aug-2026   
Total Views |

सिसवा बाजार। नगर पालिका क्षेत्र में सड़क और जल निकासी की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश शासन ने पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत सिसवा में चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इन कार्यों पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

शासन की मंजूरी के बाद अब नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 विवेकानंद नगर और वार्ड संख्या 24 चित्रगुप्त नगर में निर्माण कार्य का रास्ता साफ हो गया है। प्रस्तावित कार्यों में सीसी सड़क के साथ आरसीसी नाली का निर्माण प्रमुख रूप से शामिल है।


वार्ड 21 में केदार के घर से संत कुमार के घर तक सड़क एवं नाली का निर्माण कराया जाएगा। वहीं वार्ड 24 में तीन अलग-अलग स्थानों पर निर्माण कार्य होगा। इसमें पाठक बीज भंडार से मुजीब के घर होते हुए रामाशंकर के घर तक, बाबूलाल अग्रवाल के घर से अशोक बंका के घर तक तथा रामाशंकर के घर से धनपाल के प्लाट तक सड़क एवं नाली का निर्माण प्रस्तावित है। शासनादेश के तहत इन विकास कार्यों के लिए नगर निकाय को ब्याज रहित ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजनाओं की शुरुआत के लिए कुल स्वीकृत धनराशि की 50 प्रतिशत प्रथम किश्त के रूप में जारी किए जाने का प्रावधान है।

नगरपालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने कहा कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद वार्डवासियों को आवागमन के साथ-साथ बरसात के दिनों में जल निकासी और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी नगर क्षेत्र में एक साथ चार परियोजनाओं की स्वीकृति को स्थानीय विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।