महराजगंज। अमूरतीया बाजार में मगरमच्छ दिखाई देने की खबर से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मगरमच्छ 'उर्वशी' को सुरक्षित पकड़ लिया गया। बाद में उसे रोहिणी नदी के प्राकृतिक वास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान वनकर्मियों और विशिष्ट रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए सुरक्षा मानकों का पालन किया। काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित कब्जे में लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और मगरमच्छ को उसके अनुकूल प्राकृतिक वास में छोड़ने की तैयारी की। वन विभाग के अनुसार मगरमच्छ ‘उर्वशी’ को भगवानपुर बीट के अभ्यारण्य क्षेत्र में रोहिणी नदी के प्राकृतिक वास में सुरक्षित छोड़ा गया। मगरमच्छ के रेस्क्यू होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
क्षेत्रीय वनाधिकारी ने बताया कि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक वास में छोड़ना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्यजीव दिखाई देने पर खुद पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन दरोगा बृजेश चौहान, वन रक्षक विक्रांत सिंह सहित सुरक्षा टीम मौजूद रही। सफल रेस्क्यू अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।