महराजगंज। परतावल क्षेत्र में रविवार से सोमवार के बीच 23 लोगों को काटने वाले कुत्ते की बुधवार को मौत हो गई। कुत्ते की मौत हमले के महज चार दिन के भीतर होने से पीड़ितों में रेबीज संक्रमण को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी पीड़ितों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने की बात कही है।
बता दें, कस्बे में चल रहे मेले में रविवार की रात एक कुत्ते ने 17 लोगों को काट लिया था। मेला परिसर में अफरा-तफरी की सूचना पर पहुंचे परतावल चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को भी काटकर घायल कर दिया था। इससे कस्बे में सनसनी फैल गई थी। सोमवार को कस्बे में भी दो लोगों को उस कुत्ते ने काट लिया था। लगातार हमलों के बाद नगर पंचायत की टीम कुत्ते को पकड़ने के लिए तलाश अभियान चला रही थी। बुधवार की सुबह कुत्ता बाजार में मृत पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे नगर पंचायत के कर्मचारियों ने कुत्ते को आबादी से दूर ले जाकर दफना दिया।
सीएचसी परतावल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि लोगों को काटने के चौथे दिन अगर कुत्ते की मौत हुई है तो निश्चित रूप से पागल हो चुका रहा होगा और उसकी मौत रेबीज के संकमण से होने की आशंका है। उसका पोस्टमार्टम कराया जाना चाहिए था। डॉ. यादव ने कहा कि जिन लोगों को कुत्ते ने काटा या चाटा है, उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन जरूर लगवा लेनी चाहिए। इसमें लापरवाही खतरनाक हो सकती है।
जिन लोगों को कुत्ते ने काटा था उन्हें अब रेबीज के संक्रमण का डर सताने लगा है। बेलवा निवासी मोनू पटेल ने बताया कि वैक्सीन तो लगवा ली थी लेकिन कुत्ते की मौत के बाद डर सताने लगा है। बृहस्पतिवार को डॉक्टर से सलाह लेकर इलाज शुरू कराएंगे। वहीं बसहिया निवासी विष्णु ने बताया कि कुत्ते की मौत के बाद डर लग रहा है। अब समझ में नहीं आ रहा है कि क्या करें।
नगर पंचायत परतावल के अधिशासी अधिकारी अवनीश यादव ने बताया कि मृत मिले कुत्ते का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। उसे आबादी से दूर ले जाकर दफना दिया गया है। उन्होंने बताया कि कुत्ते के मरने से पहले उसके पागल होने की आशंका जताई जा रही थी।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को कुत्ते ने काटा या चाटा है, उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।
आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।