Maharajganj News : सालों की परेशानी खत्म करने की तैयारी, महराजगंज के तीन वार्डों में सड़क-नाली का निर्माण

    13-Aug-2026   
Total Views |

महराजगंज। शहर की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। नगर पालिका परिषद ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

योजना के तहत, सक्सेना नगर वार्ड में पहली सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी की पिच रोड से शीतल अग्रहरि के मकान होते हुए सुनील सिंह की दुकान तक कराया जाएगा। इस मार्ग पर सीसी सड़क के साथ नाली का निर्माण भी प्रस्तावित है। इसके लिए 39.99 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इसी तरह दूसरी सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी पिच रोड से मैयालाल अग्रहरि के घर के आगे तक कराया जाएगा। इस मार्ग पर भी सीसी सड़क और नाली का निर्माण होगा। इसके लिए 38.32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

वहीं साहू जी महाराज नगर वार्ड में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क और जलनिकासी की समस्या अब जल्द दूर होगी। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत वार्ड में करीब 80 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा।

नगर पालिका परिषद की ओर से कराए जा रहे इस कार्य के तहत राजकुमार प्रजापति के घर से दिलीप के घर तक लगभग 400 मीटर लंबी सीसी सड़क और नाली का निर्माण किया जाना है।


लंबे समय से सड़क की हालत खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और जलभराव होने से स्थिति और खराब हो जाती है। सभासद राहुल पांडेय का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाता है। लोगों को घरों तक पहुंचने के लिए कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है।

नगर पालिका परिषद की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी किए जाने के बाद अब लोगों की नजर निर्माण कार्य शुरू होने पर है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।