महराजगंज। कस्बे में करीब 10 दिनों से बंद पड़ी गैस सिलेंडर की डिलीवरी बुधवार से दोबारा शुरू हो गई। गैस मिलने की सूचना मिलते ही सुबह से ही सैकड़ों उपभोक्ता चौक-चौराहों पर सिलेंडर लेकर पहुंच गए। लंबी कतारों में घंटों इंतजार के बाद लोगों को गैस मिल सकी।
गौरतलब है कि अचानक गैस सिलेंडर की डिलीवरी ठप होने से पिछले 10 दिनों से नौतनवा कस्बे में उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। घरों में गैस खत्म होने के कारण लोगों के सामने खाना पकाने तक की समस्या खड़ी हो गई थी। हालांकि, समस्या को कम करने के लिए कुछ उपभोक्ताओं को नजदीकी एजेंसियों से जोड़ा गया था, लेकिन फिर भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की दिक्कत कम नहीं हो पायी थी। स्थानीय स्तर पर गैस की नियमित आपूर्ति शुरू होने का उपभोक्ताओं को लगातार इंतजार था।
बुधवार को नौतनवा गैस एजेंसी से सिलेंडर वितरण शुरू होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता रिफिल लेने पहुंच गए। सुबह से ही चौक-चौराहों पर सिलेंडर लेकर लोगों की कतार लग गई। भीड़ अधिक होने के कारण कई लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
कतार में खड़े उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस न मिलने से उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। आशुतोष वर्मा, अजीत सक्सेना, हरिराम यादव, अंकुर चौरसिया, विष्णु शर्मा और आकाश रौनियार जैसे उपभोक्ताओं ने कहा कि गैस की कमी के कारण उनके घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया था और अब उन्हें सिलेंडर के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने गैस एजेंसी से सिलेंडर की आपूर्ति दोबारा शुरू होने की पुष्टि की है। सप्लाई बहाल होने के बाद उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।